
Adityapur. आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्रवासियों की समस्याओं को जमीनी स्तर पर समझने और तत्परता से समाधान के लिए आदित्यपुर नगर निगम ने गुरुवार से ‘हर वार्ड दस्तक’ अभियान की शुरुआत कर दी है. गुरुवार को वार्ड संख्या 30 से इस अभियान की शुरुआत की गयी. प्रशासक रवि प्रकाश, उप नगर आयुक्त पारुल सिंह और नगर प्रशासन की पूरी टीम वार्डों का नियमित भ्रमण कर विकास कार्यों की जरूरतों, साफ-सफाई की स्थिति और जलापूर्ति से जुड़ी समस्याओं का आकलन किया.
अभियान के पहले दिन अधिकारियों ने वार्ड संख्या 30 के रिक्शा कालोनी, एलआईजी और अन्य मुहल्लों में पहुंचकर लोगों की शिकायतें सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही समाधान भी किया. प्रशासक रवि प्रकाश ने बताया कि निगम प्रशासन अब हर सप्ताह तीन दिनों तक विभिन्न वार्डों का नियमित भ्रमण करेगा. इससे जनता से सीधा संवाद स्थापित होगा और समस्याएं लंबे समय तक लंबित नहीं रहेंगी.
