
Adityapur. सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित ग्लोरिया इंजीनियरिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में हुए भीषण सिलेंडर ब्लास्ट में घायल 30 वर्षीय मजदूर मुरली पात्रो की इलाज के दौरान टाटा मुख्य अस्पताल में मौत हो गई। इस हादसे में महिला कर्मी समेत कुल 7 मजदूर घायल हुए थे, जिनमें एक की जान चली गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर फैक्ट्री में काम के दौरान अचानक सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हुआ। धमाका इतना तेज था कि पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से झुलसे सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
मृतक मुरली पात्रो, जो गम्हरिया निवासी थे, कंपनी में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे। चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। अन्य घायलों में सूरज हांसदा, सोनामुनी टुडू और अनिल यादव का इलाज TMH में जारी है, जबकि शैलेन्द्र महतो, अंकित कुमार और प्रकाश बोदरा का उपचार स्थानीय संजीवनी नर्सिंग होम में चल रहा है। सभी घायलों की हालत पर डॉक्टर लगातार निगरानी रखे हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस पहुंची और निरीक्षण किया। पुलिस ने फैक्ट्री प्रबंधन से हादसे से संबंधित जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। घटना में काम कर रहे आठ मजदूर घायल हो गए। इनमें से पांच को टीएमएच ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान मुरली पात्रो की मौत हो गई, जबकि अनिल यादव (27 वर्ष), सूरज हांसदा (19 वर्ष), सोनामनी दास (41 वर्ष) और विजय (31 वर्ष) का वहां इलाज चल रहा है। वहीं, शैलेन्द्र महतो (36 वर्ष), प्रकाश बोदरा (22 वर्ष) और अंकित (24 वर्ष) का स्थानीय नर्सिंग होम में इलाज चल रहा है।
चिकित्सकों के अनुसार, इन तीनों को सिर में हल्की चोटें आई हैं और दो से चार टांके लगाए गए हैं। उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है.
