



Adityapur. राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) जमशेदपुर के बीटेक चौथे वर्ष (मेटलर्जी) के छात्र तनवीर (कोलकाता निवासी) असंगी चेक डैम (खरकई नदी) में डूब गया, इसके बाद संस्थान परिसर में भारी बवाल शुरू हो गया है. उग्र छात्रों ने मुख्य प्रशासनिक भवन के सामने मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया.आंदोलनरत छात्रों की स्पष्ट मांग है कि पीड़ित परिवार को ₹1 करोड़ का मुआवजा दिया जाए, लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय कर उनका इस्तीफा लिया जाए. डैम में डूबे छात्र को तुरंत खोजा किया जाए और दुर्घटनास्थल पर गेट व गार्ड तैनात किए जाएं. बता दें कि डैम में डूबा छात्र तनवीर कोलकाता का रहने वाला है.
ये घटना रविवार दोपहर लगभग 3 बजे की है, जब तनवीर अपने एक साथी के साथ नहाने गया था. साथी छात्रों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद एनआईटी प्रशासन बिना किसी तैयारी या सुरक्षा उपकरण (जैसे रस्सी) के पहुंचा. चौथे वर्ष के छात्र दीप रंजन ने बताया कि बीते चार महीनों में वहां कई हादसे हो चुके हैं, फिर भी कोई सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए.
दूसरी ओर, छात्रों के आरोपों को खारिज करते हुए एनआईटी के डिप्टी डायरेक्टर आर. डी. शर्मा ने कहा यह एक बेहद दुखद हादसा है. खबर मिलते ही दोपहर 3:30 बजे चीफ वार्डन, डीन एसडब्ल्यू और पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई थी. एनडीआरएफ की मदद से बचाव कार्य जारी है. कैंपस ओपन होने के कारण आम रास्ते को पूरी तरह रोकना व्यावहारिक रूप से चुनौतीपूर्ण है, लेकिन हमने जगह-जगह चेतावनी बोर्ड लगाए हैं और छात्रों को नदी की ओर न जाने के लिए लगातार सचेत किया जाता है.


