


Seraikella- Kharsawan:आदित्यपुर फुटबॉल मैदान में रविवार को मैक्सी टैक्सी एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। बैठक में चालक साथियों, वाहन मालिकों एवं संगठन के पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान संगठन को और अधिक मजबूत, संगठित एवं सक्रिय बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में मौजूद चालकों एवं वाहन मालिकों ने बसों की अनियमितता, मनमानी तथा अव्यवस्थित संचालन पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि बसों के संचालन में लगातार बढ़ती अव्यवस्था के कारण मैक्सी टैक्सी चालकों और वाहन मालिकों को आर्थिक, सामाजिक एवं संचालन संबंधी कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इससे चालक परिवारों के समक्ष रोजी-रोटी का संकट भी गहराता जा रहा है।
बैठक में सभी साथियों ने एकजुट होकर प्रशासन तक अपनी समस्याएं मजबूती से पहुंचाने का संकल्प लिया। साथ ही निर्णय लिया गया कि चालक एवं वाहन मालिकों के अधिकारों की रक्षा, रोजगार की सुरक्षा तथा संगठन की मजबूती के लिए संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
संगठन के सदस्यों ने एकता और भाईचारे को सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि हर परिस्थिति में एकजुट होकर अपने हक, सम्मान और अधिकार की लड़ाई लड़ी जाएगी।
बैठक में मुख्य रूप से मैक्सी टैक्सी एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम मार्डी, उपाध्यक्ष संजय कुमार सोय, तौहीद अंसारी, गफ्फार आलम, कोषाध्यक्ष विजय महतो, प्रकाश महतो, सचिव दीपक महंती, इजहार उल हक, संगठन सचिव शिबू लोहार, बबलू साव सहित बड़ी संख्या में चालक साथी एवं वाहन मालिक उपस्थित रहे।



