Adityapur. आदित्यपुर थाना क्षेत्र के गम्हरिया ब्लॉक के पास मोती नगर में चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए गहने, नकदी और मोबाइल फोन चोरी कर लिए. घटना उस समय हुई, जब घर के सभी लोग अंदर सो रहे थे. चोरी की घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में नाराजगी है. बताया गया कि मोती नगर निवासी सुधा देवी के घर में रात के समय चोर घुसे.
परिवार के मुताबिक, चोरों ने अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और करीब 15 से 20 हजार रुपये नकद निकाल लिए. इसके अलावा बिस्तर के पास रखे मोबाइल फोन भी चोर अपने साथ ले गए. परिवार के सदस्यों का कहना है कि सभी लोग घर में मौजूद थे, लेकिन किसी को चोरी की भनक तक नहीं लगी. इसी वजह से परिवार को शक है कि चोरों ने किसी तरह की नशीली या बेहोश करने वाली चीज का इस्तेमाल किया होगा. हालांकि, इसकी पुलिस ने पुष्टि नहीं की है. घटना की जगह गम्हरिया ब्लॉक परिसर के ठीक पास है. आसपास काफी संख्या में घर और दुकानें हैं.
