


सरायकेला-खरसावां।
राष्ट्रपति के प्रस्तावित आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय नजर आ रहा है। राष्ट्रपति के दौरे को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से सरायकेला–खरसावां के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत ने संयुक्त रूप से सुरक्षा, विधि-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन की व्यापक समीक्षा की।
इस क्रम में उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने एनआईटी परिसर, कार्यक्रम स्थल, आगमन एवं प्रस्थान मार्ग (रूट लाइन) सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, प्रोटोकॉल, यातायात नियंत्रण, पार्किंग, सेफ रूम, कंट्रोल रूम सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की अद्यतन स्थिति का बारीकी से जायजा लिया गया।
इसके उपरांत जियाडा (JIADA) स्थित सभागार में संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिया कि माननीय राष्ट्रपति महोदया के आगमन से पूर्व सभी तैयारियां हर हाल में 27 दिसंबर तक पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
बैठक में विशेष रूप से आगमन-प्रस्थान मार्ग की तैयारियों पर जोर दिया गया। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि रूट लाइन पर स्थित सभी विद्युत खंभों, झूलते तारों और अन्य विद्युत संरचनाओं को शीघ्र दुरुस्त किया जाए। सुरक्षा मानकों के अनुरूप सभी विभाग स्थलीय जांच के बाद आवश्यक प्रमाण-पत्र निर्धारित तिथि तक उपलब्ध कराएं।
यातायात व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उपायुक्त ने आवश्यकता अनुसार रूट डायवर्जन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि यातायात निर्बाध और सुरक्षित बना रहे। साथ ही थाना प्रभारी एवं नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि रूट लाइन पर मौजूद निर्माण सामग्री, मलबा या खराब वाहनों को तत्काल हटाया जाए, जिससे राष्ट्रपति के काफिले के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा न उत्पन्न हो।
उपायुक्त श्री नीतीश कुमार सिंह ने दो टूक शब्दों में कहा कि सुरक्षा व्यवस्था, प्रोटोकॉल या तैयारियों में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
इस समीक्षा बैठक में अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, अपर नगर आयुक्त रवि प्रकाश, उप नगर आयुक्त पारुल सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला-चांडिल, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।




