
Ranchi: झामुमो के सुप्रीमो और झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेता दिशोम गुरु शिबू सोरेन का सोमवार सुबह 81 वर्ष की आयु में निधन हो गया. इस दुखद खबर की पुष्टि CM हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक भावुक पोस्ट के माध्यम से की.
सीएम हेमंत सोरेन ने अपने पोस्ट में लिखा, “दिशोम गुरु शिबू सोरेन अब हमारे बीच नहीं रहे. उनके निधन से झारखंड ने एक महान नेता और मार्गदर्शक खो दिया.” शिबू सोरेन के निधन पर पूरे झारखंड में शोक की लहर छा गई है. दुमका के खिजुरिया स्थित उनके आवास पर JMM का ध्वज झुका दिया गया है.
झारखंड के तमाम नेता, मंत्री और सामाजिक संगठनों ने दिशोम गुरु के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है. शिबू सोरेन को झारखंड आंदोलन का प्रतीक माना जाता था, जिन्होंने राज्य के गठन और आदिवासी समुदाय के अधिकारों के लिए अथक संघर्ष किया. उनके निधन से राज्य की राजनीति में एक युग का अंत माना जा रहा है.
राज्य सरकार ने उनके सम्मान में शोक की घोषणा की है और जल्द ही अंतिम संस्कार की व्यवस्था की जानकारी साझा की जाएगी. दिशोम गुरु के निधन से झारखंड ने एक ऐसी शख्सियत खो दी है, जिनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा.
