


पलामू में गैंगस्टर अमन के एनकाउंटर के दूसरे दिन बुधवार को चान्हो में एक और एनकाउंटर हुआ. चान्हो थानेदार चंदन गुप्ता की पिस्टल छीनकर भागने की कोशिश कर रहे अपराधी प्रिंस खान के पैर में पुलिस ने गोली मारी. इससे वह घायल हो गया. उसे रिम्स में भर्ती कराया गया है.
रांची के पथलकुदुआ निवासी प्रिंस खान चान्हो के आनंदशीला आश्रम में हुए दोहरे हत्याकांड का आरोपी है. उसने पांच मार्च को अपने साथियों के साथ मिलकर आश्रम में आनंदमार्गी साधु मुकेश शाह (50) और उनके साथी राजेंद्र यादव (35) की गोली मारकर हत्या कर दी थी.
हत्याकांड में शामिल चार अपराधी उसी दिन पकड़े गए थे. दो अपराधी फरार हो गए थे. पुलिस ने मंगलवार रात प्रिंस को गिरफ्तार किया था. बुधवार दोपहर करीब 1:30 बजे पुलिस उसे लेकर घटनास्थल पर पहुंची थी. इसी दौरान उसने थानेदार की पिस्टल छीनने की कोशिश की. इसमें सफल न होने पर उसने थानेदार को धक्का देकर गिरा दिया और भागने लगा. इसके बाद पुलिस ने पैर में गोली मारकर उसे पकड़ा. फिर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया.
पुलिस के मुताबिक प्रिंस ने बताया था कि हत्याकांड में जिस जैकेट को पहन रखा था. उस पर खून लग गया था. इसकलए साक्ष्य छिपाने के लिए उसे जंगल में फेंक दिया था. पुलिस साथ चले तो वह जंगल में उस स्थान से अपना जैकेट बरामद करवा देगा.
साक्ष्य की बरामदगी के लिए पुलिस उसे बुढ़मू के साढ़म जंगल ले गई. दोपहर 2 बजे पुलिस उसे लेकर बताए स्थान पर पहुंची तो योजना के तहत प्रिंस खान ने थानेदार चंदन गुप्ता की पिस्टल छीनने का प्रयास किया. लेकिन थानेदार सतर्क थे. इसके बाद वह थानेदार को धक्का देकर भागने लगा. उसका इरादा भांपकर चंदन गुप्ता ने प्रिंस के पैर में गोली मार दी.



