
Dubai. तिलक वर्मा ने नाबाद अर्धशतक लगाकर ‘संकटमोचक ’ की भूमिका निभाई और बेहद रोमांचक फाइनल मुकाबले में रविवार को भारत ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान का एक बार फिर मानमर्दन करते हुए पांच विकेट से हराकर नौवीं बार एशिया कप जीता. भारत को आखिरी ओवर में दस रन की जरूरत थी और विवादों से घिरे रहने वाले पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हारिस रऊफ के हाथ में गेंद थी . तिलक ने दूसरी गेंद पर छक्का लगाया और चौथी गेंद पर रिंकू सिंह ने चौका जड़कर स्टेडियम में मौजूद भारतीय दर्शकों के साथ टीवी के आगे नजरें गड़ाये बैठे प्रशंसकों को जश्न में सराबोर कर दिया. जीत के लिये 147 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरूआत खराब रही थी और पहले पांच ओवर में 20 रन के भीतर तीन विकेट गिर गए थे . इसके बाद तिलक ने एक मोर्चा संभालकर 53 गेंद में नाबाद 69 रन बनाये जबकि संजू सैमसन (24) और शिवम दुबे (21 गेंद में 33 रन) ने उनका पूरा साथ दिया.
फाइनल से पहले मैदान से बाहर के तनाव के बीच सूर्यकुमार यादव और कोच गौतम गंभीर की इस टीम ने फॉर्म में चल रहे बल्लेबाजों के जल्दी आउट होने के बावजूद बेखौफ खेल दिखाया और दबाव को हावी नहीं होने दिया. पहले कुलदीप यादव ने चार विकेट लेकर पाकिस्तान को 19.1 ओवर में 146 रन पर समेट दिया और उसके बाद तिलक ने अपनी पारी से टीम को जीत तक पहुंचाया . उन्होंने सैमसन के साथ 57 और दुबे के साथ 64 रन की साझेदारी की.
मैच का निर्णायक पल रऊफ का 15वां ओवर था जिसमें भारतीय बल्लेबाजों ने 17 रन निकाले. सुपर 4 चरण में भारतीय प्रशंसकों को भड़काऊ इशारे करने वाले रऊफ ने 3.4 ओवर में 50 रन दे डाले और उन्हें कोई विकेट भी नहीं मिला. इससे पहले कुलदीप यादव की अगुआई में स्पिन तिकड़ी के शानदार प्रदर्शन की मदद से भारत ने पाकिस्तान को 19 . 1 ओवर में 146 रन पर आउट कर दिया.
