


Ranchi. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मंगलवार को झारखंड की सरकारी टेंडर प्रक्रिया को लेकर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि राज्य में सरकारी टेंडर आवंटन प्रक्रिया की पारदर्शिता पर लगातार संदेह बना हुआ है और यह हालात जनता के लिए चिंता का कारण हैं. उन्होंने कहा कि महालेखाकार की हालिया रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ है कि कई विभागों, जैसे पेयजल स्वच्छता, ग्रामीण कार्य विकास, गृह कारा और आपदा प्रबंधन में एक ही आईपी एड्रेस से टेंडर भरे गए थे.
यह स्पष्ट करता है कि ठेके पहले से तय थे और प्रक्रिया केवल एक औपचारिकता बनकर रह गई थी. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इन विभागों में चहेते लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं.नेता प्रतिपक्ष ने आगे कहा कि यदि टेंडर आवंटन में इस तरह की अनियमितताएं होती रहेंगी तो इसका असर सरकारी योजनाओं और परियोजनाओं की गुणवत्ता पर भी पड़ेगा.



