



Ranchi. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने एक बार फिर राज्य सरकार पर निशाना साधा है. श्री मरांडी ने मंगलवार को बोकारो में मीडिया से कहा कि 1.36 लाख करोड़ रुपये पर झामुमो केवल राजनीति कर रहा है. झामुमो को इस संबंध में जनता को विस्तृत रूप से बताना चाहिए कि आखिर कब का किस-किस मद में कितना बकाया है. उन्होंने कहा कि सामान्य व्यक्ति भी किसी से बकाया मांगता है, तो देनदार व्यक्ति उससे उसका डिटेल मांगता है. हिसाब चाहता है. ऐसे ही कुछ बोल देने से कुछ नहीं मिलता. कहा कि सरकार बजट पेश करती है, तो बताती है कि किस मद में कितनी राशि आवंटित की गयी है.
सरकार पर कितना उधार है. सरकार खर्च के लिए पैसे कहां से लायेगी. कितना केंद्रीय अनुदान मिलेगा. ये सारी बातें जनता को बताना पड़ता है. कहा कि 1.36 लाख करोड़ के विषय में भी यही बात होनी चाहिए. राज्य सरकार विस्तार से बताये कि कब का कितना बकाया केंद्र सरकार पर है. कहा कि राज्य सरकार रोज योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए विज्ञापन देती रहती है. एक दिन 1.36 लाख करोड़ बकाया राशि के संबंध में भी विज्ञापन देकर जनता को विस्तार से बताये. आंकड़ों के बाद भाजपा भी राज्य सरकार को मदद करेगी. श्री मरांडी ने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार से आम आदमी प्रभावित हो रहा है. अपनी पुश्तैनी जमीन के लिए भी पदाधिकारियों को पैसे देने पड़ रहे हैं. अंचल में प्रति एकड़ पर घूस की दर निर्धारित है. कहीं भी सही से काम नहीं हो रहा है. बच्चों के भविष्य से भी राज्य सरकार खिलवाड़ कर रही है.
श्री मरांडी ने केंद्रीय बजट में झारखंड की रेल परियोजनाओं के लिए सात हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार जताया. कहा कि केंद्र सरकार झारखंड में रेल सेवा को सुगम बनाने और यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयासरत है.


