
Ghatsila.बहरागोड़ा थाना क्षेत्र स्थित पीडब्ल्यूडी चौक के समीप शनिवार सुबह एक युवक का शव पेड़ से फंदे के सहारे लटका हुआ मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह टहलने निकले स्थानीय लोगों ने जब शव को पेड़ से झूलते देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। मृतक की पहचान पाटपुर गांव निवासी रवि बेहरा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार रवि शुक्रवार रात परिवार के साथ भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। रात के दौरान वह कब घर से बाहर निकला, इसकी जानकारी किसी को नहीं हो सकी। सुबह शव मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया और रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बहरागोड़ा थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतारकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल घाटशिला भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की।
थाना प्रभारी ने बताया कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई है, इसका पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
