Site icon Lahar Chakra

Bank Open: बैंक यूनियन की हड़ताल वापसी के बाद सोमवार को सामान्य दिनों की तरह खुले बैंक

Jamshedpur/Ranchi. बैंक यूनियन की पांच दिन का कार्य सप्ताह लागू करने समेत अन्य मांगों को लेकर प्रस्तावित तीन दिन की देशव्यापी हड़ताल भारतीय बैंक संघ (आईबीए) के आश्वासन के बाद स्थगित कर दी गई, जिससे सोमवार को जमशेदपुर समेत देशभर के बैंकों में सामान्य कामकाज जारी है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) ने सोमवार से 30 सितंबर तक हड़ताल का आह्वान किया था।

बैंक यूनियन ने रविवार देर रात आईबीए के उनकी मांगों पर विचार करने के आश्वासन के बाद हड़ताल वापस ले ली। इनमें सभी शनिवार को अवकाश घोषित करने की मांग भी शामिल है। यूएफबीयू ने रविवार देर रात जारी बयान में कहा, ‘‘बचे हुए शनिवार को अवकाश घोषित करने के मुद्दे पर विचार-विमर्श के लिए आईबीए और यूएफबीयू की एक उच्चस्तरीय समिति का तत्काल गठन किया जाएगा। यह समिति सभी संभावित विकल्पों पर विचार करेगी, सभी हितधारकों के साथ चर्चा करेगी और ऐसा समाधान निकालेगी जो सभी हितधारकों, खासकर ग्राहकों को स्वीकार्य हो।’’

फिलहाल, बैंकों में रविवार और हर महीने के दूसरे तथा चौथे शनिवार को अवकाश रहता है। यूएफबीयू ने कहा कि श्रेणी-IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए प्रदर्शन से जुड़ी प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना के संबंध में आईबीए के साथ चर्चा की जा सकती है। इसमें यूनियनों/संगठनों की आपत्तियों को दूर करने के लिए योजना में संशोधन का प्रस्ताव सरकार के समक्ष रखने पर विचार किया जा सकता है।

आठ मार्च, 2024 के कार्यवृत्त में सूचीबद्ध लंबित मुद्दों पर दोनों पक्ष जल्द समाधान के लिए चर्चा करेंगे। तीन दिन की हड़ताल के आह्वान को देखते हुए ग्राहकों को होने वाली असुविधा कम करने के लिए रविवार को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों को खुला रखा गया था।

Exit mobile version