


Patna. पटना के बापू सभागार में आयोजित प्रदेश परिषद की बैठक में औपचारिक रूप से बीजेपी के नए प्रदेश अध्यक्ष के रूप में दिलीप जायसवाल के नाम की घोषणा की गई. इस ऐतिहासिक मौके पर केंद्रीय मंत्री एवं परिषद के प्रभारी मनोहर लाल खट्टर ने उनकी ताजपोशी की घोषणा की. प्रदेश भाजपा संगठन के इस बड़े फैसले के साथ ही पार्टी ने आगामी चुनावी रणनीति को और धार देने का संकेत दिया है.
इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, सह प्रभारी दीपक प्रकाश, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, नित्यानंद राय, सांसद राधा मोहन सिंह, रविशंकर प्रसाद और संजय जायसवाल समेत पार्टी के तमाम बड़े चेहरे शामिल हुए. साथ ही, प्रदेश से लेकर मंडल स्तर तक के करीब 15,000 कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने इसे बीजेपी का शक्ति प्रदर्शन बना दिया.



