


Patna. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान मोकामा में बाहुबली और जन सुराज पार्टी नेता दुलारचंद यादव की हत्या के बाद भारत निर्वाचन आयोग ने सख्त कार्रवाई करते हुए शनिवार को तीन अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से हटा दिया है. वहीं, आयोग ने पटना ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग को भी हटाने की अनुशंसा की है़ उनके स्थान पर नये अधिकारी की नियुक्ति के लिए रविवार दोपहर तक नामों का पैनल मांगा है. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को भेजे आदेश में आयोग ने कहा कि आदर्श आचार संहिता का पालन सुनिश्चित करने के लिए मोकामा के एसडीओ बाढ़ चंदन कुमार, एसडीपीओ बाढ़-1 राकेश कुमार और एसडीपीओ बाढ़-2 अभिषेक कुमार का तत्काल स्थानांतरण किया जाए. अभिषेक कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित भी कर दिया गया है.
इन पदों पर नयी नियुक्तियां भी की गई हैं. पटना नगर निगम के अपर आयुक्त आशीष कुमार को एसडीओ बाढ़, सीआइडी के डीएसपी आनंद कुमार को एसडीपीओ बाढ़-1 और एटीएस के डीएसपी आयुष श्रीवास्तव को एसडीपीओ बाढ़-2 बनाया गया है. आयोग ने हटाए गए अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करने का निर्देश भी दिया है. आयोग ने कहा कि अनुपालन रिपोर्ट दो नवंबर दोपहर तक प्रस्तुत की जाए.



