Site icon Lahar Chakra

Bihar Election: लोग अगले 100 साल तक ‘जंगलराज’ नहीं भूलेंगे, PM Modi का राजद-कांग्रेस पर बड़ा हमला, ‘महागठबंधन’ को अपराधियों का जमावड़ा बताया

New Delhi. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि बिहार में ‘‘जंगलराज’’ पर अगले 100 साल तक चर्चा होगी और विपक्ष अपने कुकृत्यों को छिपाने की कितनी भी कोशिश कर ले, जनता उसे माफ नहीं करेगी. तेजस्वी यादव को बिहार चुनाव के लिए महागठबंधन का मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किए जाने के बीच राजद-कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि विपक्षी गठबंधन ‘गठबंधन’ नहीं, बल्कि ‘लठबंधन’ (अपराधियों का गठबंधन) है क्योंकि दिल्ली और बिहार के इसके सभी नेता जमानत पर बाहर हैं.

मोदी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं से यह सुनिश्चित करने को कहा कि बुजुर्ग लोग युवाओं को ‘जंगलराज’ के दौरान हुए अत्याचारों के बारे में जानकारी दें. मोदी का इशारा उस समय की ओर था जब बिहार में राजद प्रमुख लालू प्रसाद मुख्यमंत्री थे. ऑडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत: युवा संवाद’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार में ‘जंगलराज’ को लोग अगले 100 साल तक नहीं भूलेंगे और विपक्ष अपनी करतूतों को छिपाने की कितनी भी कोशिश कर ले, जनता उसे माफ नहीं करेगी.

मोदी ने कहा, ‘मैं बिहार के सभी युवाओं से कहूंगा कि वे हर बूथ पर युवाओं को इकट्ठा करें और उस क्षेत्र के बुजुर्गों को बुलाकर ‘जंगलराज’ की पुरानी कहानियां सबको बताएं.’ उन्होंने एक भाजपा कार्यकर्ता से बातचीत करते हुए कहा कि देश में विकास का एक ‘महायज्ञ’ चल रहा है, तथा केंद्र और बिहार में स्थिर सरकार के कारण चौतरफा काम हो रहा है.

प्रधानमंत्री ने कहा कि 14 नवंबर को बिहार में महिला सशक्तीकरण का एक नया युग शुरू होगा, जब भाजपा के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) फिर से सत्ता में आएगा. मोदी ने कहा, ‘नीतीश जी और राजग ने बिहार को ‘जंगलराज’ से बाहर निकालने और कानून का राज स्थापित करने के लिए कड़ी मेहनत की.’

Exit mobile version