Site icon Lahar Chakra

BIHAR : एलजेपी नेता के बेटे की पीट-पीटकर हत्या, मां को भी पीटा, गंभीर रूप से घायल

Sarhasa : सहरसा के सलखुआ में बीती शाम एक दर्दनाक घटना हो गई. एलजेपी (रामविलास) के प्रखंड अध्यक्ष अरुण यादव के बेटे राकेश कुमार को कुछ लोगों ने पीट-पीटकर मार डाला. ये वारदात सलखुआ थाने के डीह टोला, वार्ड नंबर-10 में हुई. बात पुराने जमीन विवाद की बताई जा रही है.

राकेश कुमार हैदराबाद में एक निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड थे और हाल ही में छुट्टी लेकर अपने गांव आए थे. उनकी इस साल शादी होने वाली थी. सोमवार शाम जब वह घर पर अकेले थे, तभी पड़ोसी कपूरचंद यादव और उनके साथियों ने लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया. बीच-बचाव करने आईं राकेश की मां रंभा देवी (60) को भी बेरहमी से पीटा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं.

राकेश के पिता अरुण यादव ने बताया कि कपूरचंद यादव के साथ उनका खेत और मकान निर्माण को लेकर वर्षों पुराना विवाद था. इस मामले में थाने में शिकायत दर्ज थी और पंचायत में समझौता भी हुआ था, लेकिन रंजिश बनी रही. घटना के समय अरुण गांव में नहीं थे, जिसका फायदा उठाकर आरोपियों ने हमला किया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. इलाके में तनाव बना हुआ है.

Exit mobile version