New Delhi. टाटा समूह में जारी विवाद के बीच पारसी समुदाय के सबसे पवित्र धार्मिक स्थलों में से एक के वरिष्ठ धर्मगुरु ने कानून के दायरे में रहते हुए सभी पक्षों के बीच बातचीत और सुलह के जरिये विवाद सुलझाने की अपील की है। उदवाड़ा स्थित ईरानशाह आतश बेहराम के मुख्य धर्मगुरु वड़ा दस्तूरजी खुर्शेद दस्तूर ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर कहा कि परमार्थ संस्थाओं का संरक्षण और कानून के शासन का पालन एक-दूसरे के विरोधी उद्देश्य नहीं हैं।
यह पत्र ऐसे समय आया है, जब टाटा समूह के शीर्ष प्रबंधन और उसकी सबसे बड़ी शेयरधारक टाटा ट्रस्ट के बीच कई मुद्दों पर मतभेद चल रहे हैं। इनमें समूह की होल्डिंग कंपनी टाटा संस को शेयर बाजार में सूचीबद्ध कराने का मुद्दा भी शामिल है।

टाटा ट्रस्ट के चेयरमैन नोएल टाटा समूह की विरासत का हवाला देते हुए टाटा संस को सूचीबद्ध कराने का विरोध कर रहे हैं। उनका मानना है कि इससे पूंजी आवंटन की प्रक्रिया प्रभावित होगी। वहीं, टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन के नेतृत्व वाला प्रबंधन कानून के अनुपालन की जरूरत पर जोर दे रहा है।

उसका कहना है कि भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के नियमों के तहत टाटा संस जैसी ऊपरी स्तर की गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी) को शेयर बाजार में सूचीबद्ध होना जरूरी है। पारसी समुदाय के किसी सदस्य की ओर से प्रधानमंत्री को पत्र लिखने का यह कम से कम दूसरा मामला है। इससे पहले बॉम्बे पारसी पंचायत और फेडरेशन ऑफ पारसी जोरास्ट्रियन अंजुमन्स ऑफ इंडिया सहित छह संगठनों ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखा था। माना गया था कि इन संगठनों ने नोएल टाटा के रुख का समर्थन किया है।
दस्तूर ने अपने पत्र में कहा कि इस विवाद से उन संस्थाओं और संबंधों पर असर पड़ सकता है, जिन्हें कई पीढ़ियों ने मिलकर बनाया है।
उन्होंने सभी संबंधित पक्षों से संयम, विवेक और परिपक्वता दिखाने तथा मतभेद के बजाय संवाद का रास्ता चुनने की अपील की। उन्होंने कहा कि समुदाय के हित, टाटा समूह की परोपकारी विरासत और व्यापक राष्ट्रीय हित इतने महत्वपूर्ण हैं कि उन्हें व्यक्तियों या संस्थाओं के बीच लंबे समय तक चलने वाले मतभेदों की भेंट नहीं चढ़ाया जाना चाहिए। दस्तूर ने पारसी समुदाय को वर्षों से मिल रहे सहयोग के लिए प्रधानमंत्री का आभार भी जताया।

