New Delhi. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को एक बार फिर आमने-सामने की बहस की चुनौती दी और आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री उनके फोन की जासूसी कराते हैं जिसमें मोदी के खिलाफ उनके द्वारा लगाए गए आरोपों के सबूत हैं। उन्होंने यह दावा भी किया कि उनके साथ बहस के बाद प्रधानमंत्री मोदी इस पद पर नहीं रह पाएंगे। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने इंस्टाग्राम पर ‘आस्क मी’ सत्र में कहा कि वह प्रधानमंत्री मोदी के साथ आमने-सामने बैठकर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करना चाहते हैं। उन्होंने बहस के लिए एक प्रारूप का सुझाव देते हुए कहा कि बीच में एक मेज होगी, एक तरफ प्रधानमंत्री मोदी बैठेंगे और दूसरी तरफ वह स्वयं बैठेंगे। उन्होंने कहा, नरेन्द्र मोदी ने मेरे ऊपर आरोप लगाया है और मैं उन पर आरोप लगा रहा हूं। इसलिए मैं कह रहा हूं कि वह सामने आएं और बहस करें।

राहुल गांधी ने तंज भरे लहजे में कहा कि अगर प्रधानमंत्री इस बहस के लिए उद्योगपति गौतम अदाणी को या राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत को जज बनाना चाहते हैं तो उन्हें इससे भी कोई आपत्ति नहीं है। कांग्रेस नेता ने कहा कि वह संसद में भी विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करने की कोशिश करते हैं, लेकिन उन्हें अपनी बात रखने का अवसर नहीं दिया जाता। उनका आरोप है कि संसद में बोलने के दौरान उनका माइक बंद कर दिया जाता है।

राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें चीन के मुद्दे और पूर्व सेना प्रमुख एम एम नरवणे की पुस्तक से जुड़े विषयों पर भी बोलने नहीं दिया जाता।
उन्होंने स्पष्ट किया कि वह प्रधानमंत्री के साथ भाषणों के जरिये नहीं, बल्कि आमने-सामने बैठकर बहस करना चाहते हैं। राहुल गांधी ने दावा किया, ”मैं गारंटी देता हूं कि मेरे साथ आमने-सामने की बहस के बाद मोदी प्रधानमंत्री (पद पर) नहीं रह पाएंगे। इंस्टाग्राम पर एक अन्य सवाल के जवाब में कांग्रेस नेता ने कहा कि उनके सभी आरोपों के सबूत उनके फोन में हैं, ‘‘जिसकी जासूसी प्रधानमंत्री कराते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आमने-सामने की बहस से यह साबित हो जाएगा कि विदेशी ताकतों के नियंत्रण में कौन है और ‘देश विरोधी’ कौन है।
उन्होंने दावा किया कि उनके फोन में इन सभी मामलों से जुड़ी जानकारियां मौजूद हैं। राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मोदी जी, अपनी ही गोदी मीडिया के दिवाली मिलन में भी टेलीप्रॉम्प्टर? लोग आपके, मंच आपका, माहौल आपका – फिर भी स्क्रिप्ट चाहिए थी। लगता है दबाव में घबरा गए हैं। ख़ैर, कोई बात नहीं। मुझसे बहस में भी टेलीप्रॉम्प्टर ले आइए, जज भी अपनी पसंद का बैठा लीजिए। बस आइए तो सही। देश जानना चाहता है कि असली देशद्रोही कौन है?’’
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष पिछले कुछ दिनों से प्रधानमंत्री मोदी को बार-बार खुली बहस की चुनौती दे रहे हैं। उन्होंने पहले दावा किया था कि उन्हें यह साबित करने में सिर्फ पांच मिनट लगेंगे कि प्रधानमंत्री ‘‘देशद्रोही’’ हैं।
भाजपा नेताओं ने गांधी पर पलटवार करते हुए कहा कि राहुल गांधी संसद में होने वाली बहसों से खुद बचते रहे हैं। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा है कि जब राहुल गांधी प्रधानमंत्री से बहस के लिए जगह तय करने को कह रहे हैं, तो इसके लिए संसद पहले से ही एक मंच के रूप में मौजूद है। उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के रूप में राहुल गांधी से “कुछ गंभीरता और जिम्मेदारी भरा रवैया दिखाने” की अपील की है।

