


Patna. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा से कुछ घंटे पहले सोमवार को पटना मेट्रो के एक हिस्से का उद्घाटन किया. यह कॉरिडोर 3.45 किलोमीटर लंबा है और ‘प्राथमिकता कॉरिडोर’ का हिस्सा है, जिसमें तीन स्टेशन पाटलिपुत्र बस टर्मिनल, जीरो माइल और भूतनाथ शामिल हैं. मुख्यमंत्री कुमार ने इस अवसर पर छह भूमिगत मेट्रो स्टेशन के साथ ही उन्हें जोड़ने वाली 9.35 किलोमीटर लंबी सुरंग का शिलान्यास भी किया. ये सभी स्टेशन कॉरिडोर-1 के अंतर्गत बनाए जाएंगे.राज्य में विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा सोमवार शाम चार बजे निर्वाचन आयोग द्वारा की गयी.
एक अधिकारी ने बताया कि मेट्रो सेवा रोजाना सुबह आठ बजे से रात दस बजे तक उपलब्ध रहेगी और प्रत्येक ट्रेन 20 मिनट के अंतराल पर चलेगी. पटना मेट्रो में दो कॉरिडोर होंगे. पहला रेड लाइन (16.86 किलोमीटर) और ब्लू लाइन (14.56 किलोमीटर) जिनमें कुल 24 स्टेशन होंगे. परियोजना के पहले चरण का पूर्ण संचालन वर्ष 2027 तक शुरू होने की संभावना है. पटना मेट्रो की सुरक्षा की जिम्मेदारी बिहार स्पेशल आर्म्ड पुलिस (बीएसएपी) को सौंपी गई है.



