
Patna. 19,838 सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा छह चरणों में 16 जुलाई से तीन अगस्त 2025 के बीच होगी. इसमें 16,73,586 अभ्यर्थी शामिल होंगे. इसके िलए 627 परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं. ऐसे में एक बार में 2.5 से 3 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे. यह जानकारी पुलिस मुख्यालय पर प्रेस काॅन्फेंस में केन्द्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) के चेयरमैन जितेंद्र कुमार ने दी. उन्होंने बताया कि इसके लिए 11 मार्च को विज्ञापन जारी हुआ था. लिखित परीक्षा 16, 20, 23, 27, 30 जुलाई और तीन अगस्त को होगी. इसके लिए 17,66,628 आवेदन आये थे, जिनमें 16,73,573 वैध पाये गये.
परीक्षा दोपहर 12.30 बजे से 2 बजे तक होगी. परीक्षा केंद्र में सुबह 9.30 बजे से 10.30 बजे के बीच ही प्रवेश मिलेगा. किसी भी अभ्यर्थी को उसके गृह जिले में परीक्षा केंद्र नहीं मिलेगा. अभ्यर्थी अपने साथ पेन-पेंसिल भी नहीं ला सकेंगे. परीक्षा कक्ष में ही उन्हें कलम मिलेगी. एडमिट कार्ड परीक्षा से सात दिन पहले परिषद की वेबसाइट से डाउनलोड हो सकेगा. सेंटर किस जिले में होगा, इसकी जानकारी 20 जून से वेबसाइट पर उपलब्ध होगी. परीक्षा को लेकर सख्त प्रबंध किये जा रहे हैं. हर जिले में डीएम को एग्जाम कोऑर्डिनेटर और एसनी को को-कोऑर्डिनेटर बनाया गया है.
