Site icon Lahar Chakra

BIHAR : नानी के घर शादी में आयी तीन बहनें गंगा में डूबी, एक की मौत, दो को साड़ी फेंककर महिला ने बचाया

पटना. पटना के जेठूली घाट पर रविवार सुबह 10:30 बजे गंगा नदी में स्नान के दौरान तीन बहनें डूब गईं. इस दौरान सुधा कुमारी (09) की मौत हो गई. सुधा, कच्ची दरगाह के आलमपुर गांव निवासी मनोज राय की बेटी थी. वह अपनी ममेरी बहनों के साथ नदी थाना क्षेत्र के जेठूली घाट पर स्नान करने आई थी. नहाने के दौरान तीनों बच्चियां गहरे पानी में चली गईं. घाट पर मौजूद एक महिला ने बच्चियों की चीख-पुकार सुनी. महिला ने तुरंत अपनी साड़ी फेंककर दो बच्चियों को बाहर निकाला.

आज भाई की है शादी

मृतका के मामा उमेश कुमार ने बताया कि सुधा अपने नाना बहादुर राय के घर जेठुली गांव आई थी. उसके ममेरे भाई की शादी थी. बारात शनिवार शाम को कोलकाता के लिए रवाना हो चुकी थी. रविवार दोपहर को विवाह होना था. मृतका के पिता मनोज राय भी बारात में शामिल थे.

नदी थाने की पुलिस को सूचना मिलते ही SDRF की दो टीमें मौके पर पहुंचीं. टीम ने बच्ची के शव को पानी से बाहर निकाला. नदी थानाध्यक्ष राजू कुमार ने बताया कि पुलिस ने पंचनामा तैयार कर लिया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज, पटना भेजा गया है. पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.

Exit mobile version