


खगड़िया : बिहार के खगड़िया जिले के चौथम थाना क्षेत्र के रोहियार बंगलिया गांव में रविवार को लगी आग में दो बच्चों की झुलसकर मौत हो गई. बच्चों को बचाने में पिता भी गंभीर रूप से झुलस गए. बताया जाता है कि रविवार को सुबह घर में खाना बनाने के दौरान चिंगारी भड़कने के कारण आग लग गई.
यह आग देखते ही देखते गांव के आधा दर्जन घरों तक फैल गई. स्थानीय लोगों का कहना है कि आग संजय सिंह और अजय सिंह के घरों से शुरू हुई थी. आग की तेज लपटों में फंसे दो छोटे बच्चे, संदीप कुमार (5 साल) और सूरज कुमार (3 साल) अपनी जान गंवा बैठे.
इस हृदयविदारक घटना में बच्चों के पिता संजय सिंह ने अपने बच्चों को बचाने की बहुत कोशिश की, लेकिन आग की भयावहता के आगे उनकी एक न चली. वह गंभीर रूप से झुलस गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया.
इस भीषण आग की चपेट में आने से करीब आधा दर्जन पालतू जानवर भी जलकर मर गए. आग के कारण तीन घर पूरी तरह से जलकर राख हो गए, जबकि अन्य कुछ घरों को आंशिक रूप से नुकसान हुआ है. पूरे गांव में इस घटना के बाद मातम पसरा हुआ है. इस घटना ने ग्रामीणों को स्तब्ध कर दिया है और वे इस त्रासदी से उबरने की कोशिश कर रहे हैं.



