Site icon Lahar Chakra

Bindal Mall firing: उडिपी रेस्टोरेंट गोलीकांड का पुलिस ने किया खुलासा, आठ आरोपी गिरफ्तार, तीन पिस्टल, छह गोलियां बरामद, मुठभेड़ कैसे हुई? यह भी बताया

Jamahedpur. सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के उडिपी रेस्टोरेंट में 26 सितंबर को हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में अब तक कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से तीन पिस्टल, छह गोलियां, एक मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और एक राउटर बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर की दोपहर करीब 1:30 बजे उडिपी रेस्टोरेंट में डोमनिक सैम्सन, रिजवान, दानिश और कृष्णा चौधरी पर अपराधियों ने करीब 12 राउंड फायरिंग की थी। गोलीबारी में चारों गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें इलाज के लिए टीएमएच में भर्ती कराया गया था।

घटना के उद्भेदन के लिए एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने घटना के मुख्य साजिशकर्ताओं, शूटरों और सहयोगियों की पहचान की। पुलिस ने मुख्य शूटर मोहन यादव और अजीत मंडल को डोबो पुल के पास से गिरफ्तार किया। इसके अलावा अविनाश ठाकुर, रूपेश सिंह और ओम सिंह उर्फ ओम बच्चा समेत अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में मोहन यादव और अजीत मंडल ने पुलिस को बताया कि घटना में इस्तेमाल हथियारों को मरीन ड्राइव स्थित फागूबाबा आश्रम के पीछे झाड़ियों में छिपाया गया है। पुलिस दोनों को लेकर हथियार बरामद करने पहुंची। उनकी निशानदेही पर दो पिस्टल और गोलियां बरामद की गईं।

भागने की कोशिश, फायरिंग में दोनों घायल
हथियार बरामदगी के बाद वापस लौटने के दौरान अजीत मंडल ने एक पुलिसकर्मी का सर्विस रिवॉल्वर छीनकर पुलिस अभिरक्षा से भागने की कोशिश की। पुलिस के अनुसार, रुकने की चेतावनी देने के बावजूद उसने पुलिस टीम पर तीन राउंड फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी तीन राउंड गोली चलाई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अजीत मंडल और मोहन यादव के पैर के निचले हिस्से में एक-एक गोली लगी। दोनों को पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

इस संबंध में पुलिस अभिरक्षा से भागने, सरकारी हथियार छीनने, पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में सोनारी थाना में अलग मामला दर्ज किया गया है

लोडेड पिस्टल और बाइक बरामद
पुलिस ने 7 अक्टूबर को अविनाश ठाकुर और रूपेश सिंह को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, अविनाश ठाकुर के पास से 9 एमएम की लोडेड पिस्टल, अतिरिक्त लोडेड मैगजीन और घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की गई। जांच में पुलिस को पता चला है कि गिरफ्तार आरोपियों ने गोलीकांड की योजना बनाने, अपराधियों को संरक्षण देने और घटना के बाद उनके भागने में मदद करने में अलग-अलग भूमिका निभाई थी।

कई गंभीर मामलों में रहा है आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों का पहले से हत्या, लूट, रंगदारी, मारपीट, धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामलों में आपराधिक इतिहास रहा है। अजीत मंडल के खिलाफ सीतारामडेरा थाना में मामला दर्ज है। पुलिस के अनुसार, उसे हत्या के एक मामले में दोषी करार देते हुए 27 नवंबर 2019 को जिला न्यायालय ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी।

Exit mobile version