Site icon Lahar Chakra

BJP Meeting: भाजपा ने अगले वर्ष होने वाले 7 राज्यों के विधानसभा चुनावों की शुरू कीं तैयारियां

New Delhi.भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कई राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले सोमवार को पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों और नेताओं के साथ बैठक की, जिसमें देशभर में पार्टी के और विस्तार की रणनीति पर चर्चा की गई। नयी दिल्ली में स्थित भाजपा कार्यालय में पांच घंटे से अधिक समय तक चली इस बैठक में युवाओं को पार्टी से जोड़ने पर विशेष चर्चा हुई। साथ ही महिलाओं, दलितों, आदिवासियों और समाज के अन्य वर्गों तक पार्टी की पहुंच बढ़ाने की योजनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए भाजपा सांसद और राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा, “आज पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की एक लंबी बैठक हुई। इस बैठक की अध्यक्षता भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत लगातार प्रगति कर रहा है और उनके नेतृत्व में भाजपा भी अधिक मजबूत हुई है तथा देशभर में अपना विस्तार कर चुकी है।

पात्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा-राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को 22 राज्यों में सरकार के माध्यम से जनता की सेवा करने का अवसर मिला है। उन्होंने बताया कि पार्टी का और विस्तार करना इस बैठक का मुख्य एजेंडा था।

भाजपा कार्यालय में आयोजित यह मंथन बैठक इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि पार्टी ने अगले वर्ष होने वाले सात राज्यों के विधानसभा चुनावों की तैयारियां शुरू कर दी हैं। साल 2027 में गोवा, गुजरात, मणिपुर, पंजाब, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने हैं। इनमें पंजाब और हिमाचल प्रदेश को छोड़कर बाकी पांच राज्यों में भाजपा सत्ता में है।

Exit mobile version