Lahar Chakra

JAMSHEDPUR NEWS: कांग्रेस के दोहरे रवैए के विरोध में भाजपा का प्रदर्शन, राहुल गांधी का पुतला दहन कर युवाओं के मुद्दों पर सरकार को घेरा

जमशेदपुर: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जमशेदपुर महानगर ने झारखंड प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश पर शुक्रवार को कांग्रेस के कथित दोहरे रवैए और झारखंड के युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने साकची स्थित जिला कार्यालय से उपायुक्त कार्यालय के समीप जुबली पार्क गोलचक्कर तक विरोध मार्च निकाला और वहां राहुल गांधी का पुतला दहन किया।

कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा जमशेदपुर महानगर के जिला अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों के प्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए।

भाजपा ने भर्ती परीक्षाओं और पेपर लीक के मुद्दे उठाए

प्रदर्शन के दौरान भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिनेशानंद गोस्वामी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस विभिन्न मुद्दों पर दोहरा रवैया अपनाती है। उन्होंने कहा कि NEET सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक रोकने के लिए केंद्र सरकार ने कठोर कानून बनाए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की व्यवस्था की है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि झारखंड में JPSC, JSSC और JAC से जुड़ी परीक्षाओं में सामने आए कथित पेपर लीक और भर्ती विवादों पर कांग्रेस चुप्पी साधे हुए है।

‘युवाओं को पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया चाहिए’

जिला अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि झारखंड के लाखों अभ्यर्थी निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की उम्मीद कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार युवाओं की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर रही है।

भाजपा ने मांग की कि भर्ती परीक्षाओं से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए तथा पात्र अभ्यर्थियों को न्याय सुनिश्चित किया जाए।

भाजपा ने बताया लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण विरोध

भाजपा जमशेदपुर महानगर ने अपने बयान में कहा कि विरोध प्रदर्शन पूरी तरह लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित किया गया। पार्टी का कहना है कि झारखंड के युवाओं के हितों और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के मुद्दे पर उसका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

प्रदर्शन में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, आईटी एवं सोशल मीडिया सेल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

Exit mobile version