



New Delhi. भाजपा ने बुधवार को राहुल गांधी के उस दावे को ‘‘झूठ’’ करार दिया कि पिछले सप्ताह संसद की ओर मार्च कर रहे प्रदर्शनकारी छात्रों पर गृह मंत्री अमित शाह के आदेश पर पुलिस ने गोलियां चलाई थीं। पार्टी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राजनीतिक फायदे के लिए भ्रम फैलाने और अराजकता पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। यहां भाजपा मुख्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए, पार्टी के प्रवक्ता संबित पात्रा ने गांधी की इस टिप्पणी की भी आलोचना की कि शाह 30 गाड़ियों के काफिले में चलते हैं, क्योंकि वह डरे हुए हैं। भाजपा सांसद ने कहा, ‘‘यह झूठ है। शायद प्रधानमंत्री के काफिले में भी 30 गाड़ियां नहीं होतीं। राहुल गांधी, आइए और मुझे दिखाइए कि अमित शाह के काफिले में आपने वे 30 गाड़ियां कहां देखीं?’’
लोकसभा में गांधी की इस टिप्पणी पर कि केंद्रीय गृह मंत्री ‘‘डर से कांपते हैं’’, पात्रा ने पलटवार करते हुए कहा कि शाह वह व्यक्ति हैं जो नक्सलियों और आतंकवादियों को डर से कंपा देते हैं। भाजपा की यह प्रतिक्रिया तब आई जब गांधी ने आरोप लगाया कि शाह ने छात्र प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस की ‘‘ज्यादती और गोलीबारी’’ को मंजूरी दी थी।
इस आरोप के कारण पेपर लीक रोधी कानून में संशोधन करने वाले विधेयक पर बहस के दौरान लोकसभा में भारी हंगामा हुआ।
भाजपा ने पलटवार करते हुए लोकसभा में विपक्ष के नेता पर ‘‘झूठ का पुलिंदा’’ बनाने का आरोप लगाया और मांग की कि वह बेबुनियाद आरोप लगाकर सदन का ‘‘दुरुपयोग’’ करने के लिए माफी मांगें।


