
जमशेदपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा, जमशेदपुर महानगर की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक एवं रणनीतिक बैठक रविवार को साकची स्थित भाजपा जमशेदपुर महानगर कार्यालय में महानगर अध्यक्ष नितीश कुशवाहा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा मुख्य रूप से मौजूद रहे। बैठक में आगामी 21 जुलाई को जमशेदपुर में प्रस्तावित मशाल जुलूस एवं 22 जुलाई 2026 को रांची में प्रस्तावित जेपीएससी कार्यालय घेराव कार्यक्रम को अभूतपूर्व एवं ऐतिहासिक बनाने को लेकर विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई। कार्यक्रमों की सफलता सुनिश्चित करने के लिए संगठनात्मक दायित्वों का निर्धारण करते हुए जिला, मंडल एवं बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियाँ तय की गईं। साथ ही, युवाओं एवं छात्रों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में प्रदेश पदाधिकारी प्रदीप मुखर्जी, अमिताभ सेनापति, चंदन चौबे, शैलेश गुप्ता, श्वेता कुमारी, चिंटू सिंह, कृष्णकांत राय, विकास सिंह, राजा कुमार, सुधीर तिवारी, शुभम राज, पवन सिंह, विकास यादव, गोविंदा यादव, राजेश यादव एवं सूरज अग्रवाल समेत युवा मोर्चा के प्रदेश, जिला एवं मंडल पदाधिकारी, युवा कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जमशेदपुर महानगर के जिला अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सदैव युवाओं के हितों की मुखर आवाज रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड के युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय स्वीकार नहीं किया जाएगा। जेपीएससी परीक्षा से जुड़े गंभीर सवालों पर सरकार को जवाब देना होगा और संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण के साथ युवाओं की आवाज़ को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य करेगा।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे भाजयुमो जिलाध्यक्ष नितीश कुशवाहा ने कहा कि जेपीएससी अभ्यर्थियों के अधिकारों की रक्षा, पारदर्शी एवं निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया एवं युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए भारतीय जनता युवा मोर्चा पूरी मजबूती के साथ संघर्ष कर रहा है। उन्होंने कहा कि 21 जुलाई का मशाल जुलूस युवाओं के आक्रोश, संघर्ष और न्याय की मांग का प्रतीक बनेगा, जबकि 22 जुलाई को रांची में आयोजित JPSC कार्यालय घेराव झारखंड के लाखों युवाओं की न्यायपूर्ण मांगों की बुलंद आवाज़ होगा। उन्होंने सभी युवा साथियों, छात्रों एवं कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर दोनों कार्यक्रमों को ऐतिहासिक सफलता प्रदान करने का आह्वान किया।
बैठक के अंत में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करने और आगामी दोनों कार्यक्रमों को अनुशासन, समर्पण एवं उत्साह के साथ सफल बनाने का संकल्प लिया।
