- रामगढ़ के पास उसे छुड़ाने के पुलिस पर हमला, जवाबी कार्रवाई में भाग रहा अमन साहू ढेर, एक जवान भी घायल
रांची झारखंड के अपराध जगत से बड़ी खबर आ रही है. रांची पुलिस ने गैंगस्टर अमन साहू को एनकाउंटर में मारा गिराया है. मंगलवार को उसे रायपुर से पुलिस रिमांड में रांची लाया जा रहा था. इस दौरान पलामू में पुलिस की गाड़ी की दुर्घटना हो गयी. पुलिस के अनुसार इसका फायदा उठाकर अमन साहू सिपाही की राइफल छीन कर भागने लगा. पुलिस ने उसे रोका तो उसने फायरिंग की. इसके बाद पुलिस की कार्रवाई में वो मारा गया. इस मुठभेड़ में एक जवान के भी घायल होने की खबर है. हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

डीजीपी ने कहा था जेल से साजिशें कर रहे अपराधी
राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अनुराग गुप्ता ने सोमवार को कहा था कि ज्यादातर अपराधों की साजिशें जेलों के अंदर रची जाती हैं और उसे आपराधिक गिरोहों की मदद से अंजाम दिया जाता है. गुप्ता की यह टिप्पणी ऐसे समय में आयी है जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायकों ने ‘बिगड़ती कानून व्यवस्था’ को लेकर राज्य विधानसभा में हंगामा किया, जिसके कारण प्रश्नकाल नहीं चल सका. गुप्ता ने कहा कि संगठित आपराधिक गिरोहों पर नकेल कसने के लिए झारखंड आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) को लगाया गया है और राज्य भर की जेलों में छापेमारी की जा रही है. इसके बाद अहम साहू का एनकाउंटर पुलिस की बड़ी कामयाबी मानी जा रही है.
इंसास लूटकर भागने की कोशिश में मारा गया
उधर रायपुर से लल्लूराम.COM की रिपोर्ट के अनुसार झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर अमन साहू को पुलिस हिरासत में ले जाते समय एनकाउंटर में मार गिराया गया है. जानकारी के मुताबिक, अमन साहू को रायपुर जेल से झारखंड लाया जा रहा था, इसी दौरान रास्ते में रामगढ़ के पास अमन गैंग के लागों ने पुलिस के काफिले पर पहले बम से हमला किया. इस दौरान मौके का फायदा उठाकर अमन साहू ने पुलिस की इंसास राइफल लूट ली और भागने लगा, जिस पर पुलिस ने पीछा किया.
इस दौरान अमन साव के साथियों ने उसे छुड़ाने के पुलिस पर हमला कर दिया, जवाबी कार्रवाई में अमन साहू ढेर हो गया. गैंगस्टर के साथियों के साथ मुठभेड़ में एक पुलिस जवान के घायल होने की खबर है. सूत्रों के अनुसार, पुलिस को पहले से अमन साहू के भागने की आशंका थी, इसलिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. घटना के बाद पुलिस ने इलाके को घेर लिया और जांच शुरू कर दी है. अमन साहू पर हत्या, लूट और रंगदारी समेत कई गंभीर मामले दर्ज थे.