Site icon Lahar Chakra

CBI ने एक करोड़ रुपये की रिश्वतखोरी मामले में CGST के दो अधिकारियों को किया गिरफ्तार

New Delhi. केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने एक करोड़ रुपये के रिश्वत मामले में केंद्रीय माल और सेवा कर (सीजीएसटी) एवं केंद्रीय उत्पाद शुल्क आयुक्त कार्यालय के एक अधीक्षक और एक सीजीएसटी सलाहकार को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के अनुसार सीबीआई ने न्यू पनवेल स्थित एक निजी रियल एस्टेट कंपनी के परियोजना प्रमुख की शिकायत पर बुधवार को प्राथमिकी दर्ज करने के बाद यह कार्रवाई की। कंपनी न्यू पनवेल के सेक्टर 17 में दो इमारतों के पुनर्विकास का काम कर रही थी, जिसमें सीजीएसटी और केंद्रीय उत्पाद शुल्क, रायगढ़ आयुक्तालय के स्वामित्व वाले 24 फ्लैट शामिल हैं।

सीबीआई के प्रवक्ता ने एक बयान में बताया कि शिकायत में आरोप लगाया गया था कि अधीक्षक पंकज कुमार ने अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी करने और पुनर्विकास के लिए फ्लैट सौंपने के एवज में एक करोड़ रुपये की मांग की थी।

एजेंसी ने बृहस्पतिवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और शुक्रवार को उन्हें सक्षम अदालत के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

Exit mobile version