



chaibasa. गुवा थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने अपने दो मासूम बच्चों की जान बचाने के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी. गुवा के लोहार बस्ती निवासी दामु हेंब्रम शुक्रवार की सुबह अपने दोनों बेटों के साथ ठाकुरा गांव के समीप बहने वाली कारो नदी में नहाने गए थे. नहाने के दौरान अचानक नदी का बहाव तेज हो गया और दोनों बच्चे गहरे पानी की ओर खिंचे चले गए और डूबने लगे. अपने लाडलों को मौत के मुंह में जाते देख दामु हेंब्रम ने एक पल की भी देरी नहीं की और सीधे उफनती कारो नदी में कूद पड़े.
उन्होंने अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए दोनों बेटों को नदी के तेज बहाव से खींचकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया. बच्चों को सुरक्षित किनारे पहुंचाने की इस जद्दोजहद में दामु खुद पूरी तरह थक गए और पानी के गहरे भंवर में समा गए. वहां मौजूद लोगों ने आनन-फानन में उन्हें नदी से बाहर निकाला और इलाज के लिए तत्काल गुवा सेल अस्पताल ले गए, लेकिन दुर्भाग्यवश डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.


