
Chaibasa. नोवामुंडी मुख्य मार्ग पर शनिवार की सुबह 7.30 बजे बड़ा सड़क हादसा सामने आया. यहां नोवामुंडी में कॉलेज बस और डंपर की जबरदस्त भिड़ंत हो गई, जिसमें चालक समेत बस पर सवार कई छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. घायलों को इलाज के लिए चंपुवा स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. दुर्घटना में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है.
यह हादसा नोवामुंडी मुख्य मार्ग पर मानिकपुर में तीखे मोड़ पर हुआ है, जहां हादसे के बाद लोगों की भारी भीड़ जुट गई. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. अभी तक इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन कई छात्रों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है. पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है और मामले की जांच में जुट गई है.
