


Chaibasa. चाईबासा के सैफरन सभागार में 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत उपायुक्त चंदन कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर की. इस अवसर पर डीसी चंदन कुमार ने कहा कि योग को जीवनशैली में अपनाएं और निरोग रहें. योग हमारे जीवन में एक अहम भूमिका निभाता है.
यह न केवल शारीरिक रूप से बल्कि मानसिक रूप से भी हमें स्वस्थ बनाए रखने में सहायक है. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे योग को अपनी दिनचर्या में शामिल कर स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली अपनाएं. उपायुक्त ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में तनाव, चिंता और विभिन्न बीमारियां बढ़ती जा रही हैं. ऐसे में योग एक प्रभावी उपाय है जो न केवल उपचार है बल्कि रोगों की रोकथाम में भी सहायक है.
कार्यक्रम में असिस्टेंट कलेक्टर, सिविल सर्जन डॉ. सुशांतो मांझी, अनुमंडल पदाधिकारी संदीप अनुराग टोपनो, पुलिस उपाधीक्षक बहामन टुटी, प्रखंड विकास पदाधिकारी अमिताभ भगत समेत आम नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे.



