


Chaibasa.चाईबासा के फ्लावर मिल मोहल्ले में शुक्रवार देर रात एक युवक ने नशे की हालत में पिस्तौल लहराते हुए हवाई फायरिंग शुरू कर दी. इस घटना से मोहल्ले में दहशत फैल गई. आरोपी की पहचान कुम्हारटोली निवासी राजू नायक के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों की सूचना पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया. पुलिस के मुताबिक, युवक नशे में इस कदर धुत था कि खुद को संभाल भी नहीं पा रहा था. पुलिस जब उसे थाने लेकर जा रही थी, तभी उसकी हालत बिगड़ने लगी. बेहोशी की हालत में उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है. स्थानीय लोगों ने बताया कि रात करीब 11 बजे राजू नायक मोहल्ले में पिस्तौल लेकर पहुंचा और वहां मौजूद बच्चों को डराने लगा.
उसने बच्चों को निशाना बनाकर पिस्तौल तानी और गाली-गलौज करते हुए हवाई फायरिंग कर दी.गोली चलने की आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकल आए. कुछ लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही सदर थाना की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को पकड़ लिया. घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ बहामन टुटी भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू की. मोहल्ले में लगे कुछ सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं.



