


Chaibasa. पश्चिमी सिंहभूम जिले में अवैध बालू खनन का कारोबार अब जानलेवा रूप लेता जा रहा है. जैतगढ़ ओपी थाना क्षेत्र के मुंडाई गांव में अवैध बालू ढुलाई का विरोध करने पर एक युवक की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान दीपक प्रधान के रूप में हुई है. इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है.
घटना के बाद शुक्रवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर घंटों जाम लगाया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में किया. पुलिस ने घटना में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया है. फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है.
जगन्नाथपुर थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि ट्रैक्टर जब्त कर लिया गया है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि दीपक प्रधान अवैध खनन का विरोध करते थे, लेकिन गाड़ी रोकने के दौरान दुर्घटना में दीपक की मौत हुई है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध बालू खनन और तस्करी धड़ल्ले से चल रही है. ग्रामीणों के विरोध के बावजूद बालू माफिया बेखौफ होकर कारोबार जारी रखे हुए हैं. लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस और खनन विभाग की उदासीनता के कारण बालू माफियाओं के हौसले बुलंद हैं.



