Site icon Lahar Chakra

चाईबासा : नीमडीह न्यू कॉलोनी में युवक को घर के बाहर बुलाया, सिर में मार दी गोली

चाईबासा. पश्चिमी सिंहभूम के चाईबासा स्थित बड़ा नीमडीह न्यू कॉलोनी में रविवार रात एक चौंकाने वाली घटना हुई. रात करीब 10:50 बजे अज्ञात अपराधियों ने सुमित यादव को उसके घर से बाहर बुलाकर सिर में गोली मार दी. गोली की आवाज सुनते ही पूरे मोहल्ले में अफरातफरी मच गई. लोग घरों से बाहर निकलने लगे और सड़क पर खून से लथपथ सुमित यादव को देखकर दहशत में आ गए. परिजनों ने अस्पताल पहुंचाया, हालत गंभीर

घायल सुमित यादव को स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से फौरन चाईबासा सदर अस्पताल पहुंचाया गया. वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर कर दिया गया. घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ बहामन टूटी और थाना प्रभारी तरुण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे.

पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और सबूत जुटाए. साथ ही रात में ही आसपास के क्षेत्रों में संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी गई. एसडीपीओ बहामन टूटी ने बताया कि घटना को लेकर हर एंगल से जांच की जा रही है. मोहल्ले में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके. पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी.

फिलहाल हमलावरों की पहचान नहीं हो पाई है और यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है कि सुमित यादव को क्यों निशाना बनाया गया. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रही है.

Exit mobile version