Site icon Lahar Chakra

Chaibasa: झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय, गुदड़ी में फैला मलेरिया का संक्रमण, 10 बच्चियों में ब्रेन मलेरिया की पुष्टि

Chaibasa. चाईबासा के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ प्रखंड के बेगुना गांव के पास स्थित झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय, गुदड़ी में मलेरिया का संक्रमण फैल गया है। कई बच्चियों के बीमार होने की सूचना मिलने के बाद सोनुआ अस्पताल की मेडिकल टीम विद्यालय पहुंची। कैंप लगाकर छात्राओं की स्वास्थ्य जांच की। कुल 54 बच्चियों की जांच में 13 मलेरिया पॉजिटिव पाई गईं। इनमें से 10 बच्चियों में ब्रेन मलेरिया की पुष्टि हुई है। मलेरिया संक्रमित सभी 13 छात्राओं को बेहतर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है।

एक साथ 13 छात्राओं के मलेरिया संक्रमित मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने विद्यालय की स्थिति पर नजर बढ़ा दी है। अन्य छात्राओं के स्वास्थ्य की भी लगातार निगरानी की जा रही है। मेडिकल टीम ने आवश्यक जांच करने के साथ छात्राओं और विद्यालय प्रबंधन को चिकित्सकीय सलाह दी है।

विद्यालय परिसर में मच्छरों के प्रकोप और संक्रमण के संभावित कारणों पर भी ध्यान दिया जा रहा है। ग्रामीणों और विद्यालय प्रबंधन ने बच्चियों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई है। मेडिकल टीम के कैंप लगाने के बाद संक्रमित छात्राओं की पहचान हो सकी और उन्हें समय पर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

Exit mobile version