Site icon Lahar Chakra

Chaibasa: मनोहरपुर में 3 लड़कियों के अपहरण के बाद हड़कंप, पुलिस ने सभी को सुरक्षित बचाया गया, दो किशोर धराए

Chaibasa . पश्चिमी सिंहभूम जिले में तीन लड़कियों के अपहरण के आरोप में दो किशोरों को पकड़ा गया है। पुलिस ने तीनों लड़कियों को सुरक्षित तरीके से छुड़ा लिया। सोमवार को मनोहरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से तीन लड़कियों के अपहरण का आरोप लगाते हुए दो लड़कियों की मां ने शिकायत दर्ज कराई। अधिकारी के अनुसार महिला ने आरोप लगाया कि करीब 15-16 साल के दो किशोर उसकी दो बेटियों समेत तीनों लड़कियों को अगवा करके ले गए। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।

तीसरी लड़की एक अन्य गांव की थी। पुलिस के अनुसार महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि उसकी दोनों बेटियां 17 सितंबर को शाम करीब सात बजे पड़ोस में रहने वाली अपनी सहेली से मिलने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। पुलिस के अनुसार इसके बाद महिला और गांव के अन्य लोगों ने कई जगहों पर लड़कियों की तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला।

पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने घटना को गंभीरता से लेते हुए लड़कियों को सुरक्षित बरामद करने और आरोपियों को पकड़ने के लिए मनोहरपुर थाना प्रभारी अम्मिएल एक्का के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम गठित की। अधिकारी ने बताया कि पुलिस टीम ने चिरिया इलाके में छापेमारी की और दोनों आरोपियों को मंगलवार को पकड़ने के बाद 13 से 14 साल की उम्र की तीनों लड़कियों को सुरक्षित बरामद कर लिया।

उन्होंने कहा कि घटना के पीछे की वजह का अभी पता नहीं चल पाया है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारी ने कहा, ‘‘प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि लड़कियों में से किसी को भी कोई नुकसान नहीं पहुंचाया गया।’’

Exit mobile version