चाईबासा. पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) पुलिस ने नक्सलियों के खिलाफ चलाये गये अभियान के दौरान भारी मात्रा में विस्फोटक, हथियार और कारतूस बरामद किया है.
एसपी आशुतोष शेखर ने गुरुवार को बताया कि भाकपा माओवादियों के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के क्रम में सूचना मिली कि टोन्टो थाना क्षेत्र के जंगली, पहाड़ी क्षेत्र में हथियार , गोला-बारूद छुपाकर रखा गया है. सूचना के बाद टोन्टो थाना के वनग्राम, सरजामबुरू, जीम्कीइकीर के आस-पास जंगली और पहाड़ी क्षेत्र में सर्च अभियान शुरु किया गया.

उन्होंने बताया कि प्रतिबंधित भाकपा माओवादी नक्सली संगठन के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, अनल अपने दस्ता सदस्यों के साथ सारंडा कोल्हान क्षेत्र में विध्वंसक गतिविधि के लिए भ्रमणशील है. इसके आलोक में चाईबासा पुलिस, कोबरा 209 बटालियन, झारखण्ड जगुआर एवं सीआरपीएफ 60 बटालियन, 197 बटालियन, 174 बटालियन, 193 बटालियन, 134 बटालियन, 26 बटालियन, की टीमों का एक संयुक्त अभियान दल गठित कर लगातार अभियान संचालित किया जा रहा है. यह अभियान वर्ष 2022 से लगातार संयुक्त जारी है.
ये हथियार हुए बरामद
घटनास्थल से पुलिस ने एक पिस्तौल के साथ मैगजीन, सात बॉक्स पैक्ड विस्फोटक, पांच डेटोनेटर इलेक्ट्रिक, 250 डेटोनेटर नॉन इलेक्ट्रिक, 10 कार रिमोट, 20 बैटरी ट्राई, सात प्लास्टिक कंटेनर-विस्फोटक के साथ, एक कटर मशीन, एक इलेक्ट्रिक वायर, 35 स्टील टिफिन, एक बंडल कॉर्डेक्स बंडल, 30 स्विच मैकेनिज्म और नक्सली दस्तावेज सहित अन्य दैनिक उपयोग का सामान बरामद किया गया है.