
Chakardjarpur. चक्रधरपुर के कराईकेला थाना अंतर्गत स्कार्पियो और बाइक में सीधी भिडंत में दो युवकों की मौत हो गई. दुर्घटना शुक्रवार शाम की है. रांची-चाईबासा मार्ग एनएच 75 (ई) स्थित कराईकेला पानी टंकी व पेट्रोल पंप के पास यह दुर्घटना हुई. इसमें स्कार्पियो और बाइक दोनों क्षतिग्रस्त हो गई. दोनों वाहनों को पुलिस ने जब्त कर लिया है. दोनों युवकों की पहचान बानालता निवासी महेश पूर्ति और चक्रधरपुर के कोलचोकड़ा निवासी सुनील गागराई के रूप में हुई है. जानकारी के मुताबिक दोनों युवक कराइकेला साप्ताहिक हाट से खरीदारी कर बाइक से चक्रधरपुर जा रहे थे. इसी दौरान कराइकेला पानी टंकी के पास रांची की ओर जा रही स्कॉर्पियो से सीधी भिड़ंत हो गयी.
इसमें बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गये. दोनों के चेहरे व सिर पर गंभीर चोट लगी. सूचना पाकर कराइकेला थाना प्रभारी अंकित कुमार दलबल के साथ घटनास्थल के पास पहुंचे. घायलों को चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेजा. यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा करने के बाद रेलवे अस्पताल के शीतगृह में रखवा दिया. दोनों शवों का पोस्टमार्टम शनिवार को किया जायेगा.
