
Chakulia. झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन चाकुलिया में आयोजित एक दिवसीय आदिवासी महासम्मेलन में शामिल हुए. इस दौरान लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि झारखंड में अबुआ सरकार है, आदिवासियों को बस यही सोचकर खुश रहना होगा. कांग्रेस के साथ गठबंधन कर विकास की बात करना बेमानी है. कांग्रेस ने आदिवासियों को हमेशा से ही धोखा देने का काम किया है. उक्त बातें झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने चाकुलिया में आयोजित एक दिवसीय आदिवासी महासम्मेलन के दौरान कही.
उन्होंने कहा कि झारखंड के रांची, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, खूंटी आदि क्षेत्रों में तेज रफ्तार से आदिवासियों का धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है. इसलिए आदिवासियों को जगाने के लिए आये हैं. उन्होंने जागो आदिवासी जागो का नारा दिया. उन्होंने कहा कि झारखंड को मुर्शिदाबाद की तरह बनने नहीं देना है. धर्म परिवर्तन नहीं चलेगा. बांग्लादेशी घुसपैठियों को जगह यहां नहीं मिलेगा और दूसरे समाज में शादी करने के बाद उन्हें आरक्षण का लाभ नहीं दिया जायेगा. इन मुद्दों के साथ अपनी लड़ाई को आगे बढ़ाना है.
संथाल परगना में आदिवासियों के इन मुद्दों के साथ विशाल जन आंदोलन करके इस लड़ाई को मुकाम तक पहुंचाने का काम किया जायेगा. चाकुलिया तरफ परगना बाबा परमेश्वर मांडी कीअध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित हुआ. मौके पर दिशोम परानिक बाबा चंद्र मोहन मांडी, पश्चिम बंगाल पमत परगना बाबा विजय चंद्र सोरेन, पीड़ परगना बाबा नंदलाल मुर्मू, पूर्व जिला परिषद सदस्य सुनाराम हांसदा, कालीचरण मांडी, मदन मोहन हेंब्रम, सुकलाल मुर्मू, मंगल मुर्मू, चुनकाई मुर्मू आदि उपस्थित थे.
