Site icon Lahar Chakra

Chandil Elephant Terror: चांडिल बाजार में घुसा हाथी, रातभर मचाया उत्पात, CM के मामा की दुकान का दरवाजा तोड़ कर खाया चावल, वाहन को भी पहुंचाया नुकसान

Chandil. चांडिल में हाथी अब गांव को छोड़कर शहर की गलियों में घूम रहे हैं. सोमवार की देर रात करीब 2.30 बजे झुंड से बिछड़ा एक हाथी चांडिल की गलियों में घूमता रहा. हाथी करीब एक घंटे तक गलियों में घूमता रहा. वहीं, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मामा गुरुचरण किस्कू के रूचाप स्थित घर पर सोमवार रात एक जंगली हाथी ने हमला कर दिया. हाथी कमरे का गेट तोड़कर वहां रखे जन वितरण प्रणाली का अनाज भी चटक गया और सारे सामान भी बिखेर दिये. इतना ही नहीं हाथी ने घर के बाहर खड़ी एक मारुति वैन को भी नुकसान पहुंचाया. गुरुचरण किस्कू ने मंगलवार की सुबह इस घटना की जानकारी वन विभाग को दी. इसके बाद वन विभाग के कर्मी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की. झुंड से अलग अकेले घुम रहा दंतैल हाथी मंगलवार सुबह चांडिल बाजार के दुर्गा मंदिर प्रांगण पहुंच गया. उसने मंदिर के गेट और चहारदीवारी को क्षतिग्रस्त कर दिया. हाथी काफी देर तक मंदिर में रहने के बाद सिकली की ओर चला गया. हाथी के दस्तक से लोगों में दहशत का माहौल है. इसके बाद वनकर्मी जंगली हाथी की निगरानी में जुट गये हैं.

जानकारी के अनुसार, सबसे पहले हाथी चांडिल के रुचाप दुर्गा मंदिर होते हुए सीएम के बड़े मामा गुरुचरण किस्कु की पीडीएस दुकान का दरवाजा तोड़कर रखा चावल खाया. इसके बाद चांडिल बाजार स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में काफी देर तक इधर-उधर घूमते रहा. फिर हाथी एनएच-32 होते हुए चांडिल मस्जिद मोहल्ला होते हुए अहले सुबह जंगल की ओर चला गया.

इस दौरान हाथी की तस्वीर सीसीटीवी में कैद हो गयी. इधर, हाथी के आने से चांडिल बाजार के लोगों में दहशत है. अब चांडिलवासी डर से सुबह में मॉर्निंग वाक पर नहीं जा रहे हैं. हाथी रोजाना किसी न किसी गांव में घुसकर किसानों के खेत में लगी सब्जियों व फसलों को अपना निवाला बन रहा है.

Exit mobile version