
Chandil। सामाजिक सरोकार और मानवता की सेवा के उद्देश्य से रविवार को नारायण ट्रस्ट एवं राजेंद्र मेमोरियल वेलफेयर सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में नारायण प्राइवेट आईटीआई, लुपुंगडीह (चांडिल) परिसर में रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में कुल 47 यूनिट रक्त संग्रह किया गया, जो जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी साबित होगा।
रक्तदान शिविर का शुभारंभ झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री अमर कुमार बाउरी एवं नारायण ट्रस्ट के चेयरमैन डॉ. जटाशंकर पांडे द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इससे पूर्व डॉ. जटाशंकर पांडे ने मुख्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानपूर्वक स्वागत किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि अमर कुमार बाउरी ने रक्तदाताओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है। आपके द्वारा दिया गया रक्त का एक-एक बूंद किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील करते हुए कहा कि समाज के प्रति यह एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है, जिसे सभी को निभाना चाहिए।
नारायण ट्रस्ट के चेयरमैन डॉ. जटाशंकर पांडे ने कहा कि ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों में आज भी रक्त की भारी कमी रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए इस शिविर का आयोजन किया गया है, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी नारायण आईटीआई परिसर में इस तरह के सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे।
रक्तदान शिविर में छात्र-छात्राओं, स्थानीय युवाओं एवं समाजसेवियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ब्रह्मानंद ब्लड सेंटर की टीम द्वारा रक्त संग्रह की प्रक्रिया को पूरी सावधानी एवं स्वास्थ्य मानकों के अनुरूप संपन्न कराया गया। रक्तदाताओं के स्वास्थ्य परीक्षण के बाद ही रक्त लिया गया।
कार्यक्रम में भाजपा नेता देवाशीष राय, आशीष कुंडू, नीमडीह पश्चिमी मंडल अध्यक्ष जयंत कुमार रजक, मुखिया प्रतिनिधि भोलानाथ सिंह, अधिवक्ता निखिल पांडे, नारायण आईटीआई के प्राचार्य जयदीप पांडे, राजेंद्र मेमोरियल वेलफेयर सोसाइटी के सचिव डॉ. पी. पटेल, अनामिका कुमारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। ब्रह्मानंद ब्लड सेंटर की ओर से उषा मुर्मू, लिली मुर्मू, फुलमनी लोहार, नीतीश कुमार, गीता कुमार, श्रावण कुमार ने शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अंत में आयोजकों ने रक्तदाताओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
