
Seraikellka- Kharsawan: चांडिल थाना क्षेत्र के बांधूडीह गांव में हुए चर्चित विजय टुडू हत्याकांड का पुलिस ने आंशिक खुलासा करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 24 दिसंबर 2025 को विजय टुडू की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.
इस संबंध में मृतक की पत्नी के लिखित आवेदन पर चांडिल थाना कांड संख्या 199/25 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी सहजानंद खान उर्फ डाबर उर्फ सलीम को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी जमशेदपुर के आजादनगर थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है.
पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ पूर्व में भी कई मामले दर्ज हैं. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस हत्याकांड में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इस मामले में पुलिस पहले ही चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है.गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ हत्या, आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है.
इस कार्रवाई में चांडिल थाना प्रभारी सहित पुलिस बल की विशेष टीम शामिल रही, जिन्होंने मामले के खुलासे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. पुलिस का कहना है कि जल्द ही अन्य फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
