


चांडिल. कपाली ओपी क्षेत्र के पुड़ीसिली आशियाना प्रकृति अपार्टमेंट के पास बीते 24 जुलाई को खरसावां निवासी उमैर अली (26) की अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी थी. पुलिस ने रविवार को हत्या के आरोप में खरसावां के कदमडीहा निवासी मोहम्मद इरफान उर्फ इरफान अली को कपाली टीओपी चौक के समीप गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया. पुलिस ने मो इरफान के पास से बाइक व हत्या में प्रयुक्त लोहे का पाइप बरामद किया है. ओपी प्रभारी ने बताया कि मो इरफान का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है. उस पर खरसावां-सरायकेला व आरआइटी थाना में मामला दर्ज है.



