
Hazaribag. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन हजारीबाग में आयोजित झामुमो के 46वें स्थापना दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए. उन्होंने जिला स्कूल मैदान में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कहा कि यहां पर हिंदू, मुसलिम, सिख, ईसाई, आदिवासी एक साथ उठते बैठते हैं. यही हमारे राज्य व देश की ताकत है. लेकिन, हजारीबाग जिला आये दिन सांप्रदायिक तनाव को लेकर सुर्खियों में रहता है.
कुछ लोगों ने घर-घर, गांव-गांव में जहर फैलाने का काम किया है. इसे साफ करने की जिम्मेवारी हमें उठानी होगी. समाज को खुराफातियों से बचाना होगा. खुराफात करनेवालों की पहचान करनी होगी. हम अपनी एकता दिखाते हुए खुराफातियों को मुंहतोड़ जवाब देंगे.
मुख्यमंत्री ने कहा कि मंईयां सम्मान योजना के माध्यम से आधी आबादी को खड़ा होने की ताकत दी गयी है. राज्य सरकार ने प्रत्येक घर को आर्थिक रूप से सबल किया है.
