


Jamshedpur : जमशेदपुर के सिदगोड़ा बारीडीह बस्ती स्थित बजरंग चौक के पास बुधवार को जिला प्रशासन और टाटा स्टील की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया. टाटा मणिपाल हॉस्पिटल के सामने सड़क किनारे बनी कई अवैध दुकानों को जेसीबी से तोड़ दिया गया.
इस अभियान का कांग्रेस ने विरोध किया. कांग्रेस जिला अध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे मौके पर पहुंचे और प्रशासन से बहस करने लगे. उन्होंने आरोप लगाया कि बिना किसी पूर्व सूचना के लोगों के आशियाने तोड़े जा रहे हैं. दुबे अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए और प्रभावित दुकानदारों के पुनर्वास की मांग की.
उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि जो लोग 15-20 वर्षों से सरकारी जमीन पर रह रहे हैं, उन्हें हटाने से पहले बसाना जरूरी है. उन्होंने यह भी कहा कि मणिपाल हॉस्पिटल आने पर लोगों को रोजगार और सीएसआर की उम्मीद थी, लेकिन ना रोजगार मिला और ना ही कोई सामाजिक सुविधा.
कांग्रेस के विरोध के चलते कुछ देर तक अभियान रुका रहा, लेकिन वरिष्ठ अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद दोबारा शुरू किया गया. इससे पहले तीन-चार दुकानें तोड़ी जा चुकी थीं.
अभियान के दौरान मौके पर दंडाधिकारी और पुलिस बल तैनात रहा. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान वरीय अधिकारियों के आदेश पर चल रहा है और अवैध अतिक्रमण को किसी भी राजनीतिक दबाव में नहीं छोड़ा जाएगा. प्रशासन का कहना है कि सभी दुकानदारों को पहले ही नोटिस दिया गया था. प्रशासन ने यह भी बताया कि इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे.



