
Devghar. झारखंड के देवघर जिले में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने शनिवार को विभिन्न प्रतिष्ठानों में जांच के दौरान 1,060 किलो घटिया गुणवत्ता वाला खोया और अन्य खाद्य पदार्थ जब्त किए। देवघर में एक महीने तक चलने वाला ‘श्रावणी मेला’ आयोजित किया जा रहा है। बयान के मुताबिक, एक दुकान पर करीब 10 किलोग्राम चाट में प्रतिबंधित कृत्रिम रंग ‘मेटानिल येलो’ पाया गया, जबकि एक अन्य प्रतिष्ठान में लगभग 10 किलो ‘घुघनी’ (चने से बनने वाला व्यंजन) में भी यह रंग मिला। बयान में बताया गया कि दोनों को मौके पर ही जब्त कर नष्ट कर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने बड़ी मात्रा में ऐसे खाद्य पदार्थ जब्त कर नष्ट किए, जो खाने के लिए असुरक्षित पाए गए थे। उन्होंने बताया कि अगर ये उत्पाद बाजारों में बेचे जाते, तो लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न कर सकते थे।
बयान में बताया गया कि जांच के दौरान जब्त किए गए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच सचल खाद्य जांच प्रयोगशाला के जरिए की गई। बयान के मुताबिक, इनमें मिलावट, अवधि समाप्त होने के बाद भी प्रयोग किये जा रहे या घटिया गुणवत्ता वाले उत्पाद पाए जाने के बाद उन्हें जब्त कर लिया गया। सभी प्रतिष्ठानों को सख्त निर्देश दिए गए कि वे अपनी जगहों को साफ रखें और खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अनुसार उचित स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखें।
