Site icon Lahar Chakra

नागरिक सुविधा, शहरी परिवहन, पेयजलापूर्ति, कचरा उठाव की उपायुक्त ने की समीक्षा

जमशेदपुर. समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित बैठक में उपायुक्त अनन्य मित्तल ने नगर निकायों में क्रियान्वित योजनाओं की समीक्षा की. बैठक में राज्य प्रवर्तित एवं केन्द्र प्रवर्तित योजनाओं के अंतर्गत विकास कार्यों की मदवार स्वीकृत कार्यों की संख्या, निविदा आमंत्रित कार्यों की संख्या, अनुबंध पश्चात कार्यादेश जारी करने संबंधी कार्य की संख्या पर निकायवार चर्चा की गई . नागरिक सुविधा, शहरी परिवहन व्यवस्था, वायु परिवेश की गुणवत्ता में सुधार, पेयजलापूर्ति, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट से संबंधित स्वीकृत योजनाओं की अद्यतन स्थिति, कचड़ा उठाव कार्य की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया .

शहरी परिवहन की आधी से अधिक योजनाएं निकायों में अधूरी 

जुगसलाई नगर परिषद द्वारा वित्तीय वर्ष 2024-25 में शहरी परिवहन व्यवस्था के अंतर्गत 4 योजनाएं ली गई जिनमें 1 पूर्ण हैं वहीं नागरिक सुविधा की 5 योजनाओ में 1 पूर्ण है. 15वें वित्त आयोद मद से वायु परिवेश की गुणवत्ता में सुधार संबंधी 15 योजनाएं ली गई हैं जिनमें 11 में कार्य पूर्ण, 1 योजना ऑनगोइंग है वहीं 3 योजना निविदा की प्रक्रिया में हैं . साथ ही, पेयजलापूर्ति और सोलिड वेस्ट मैनेजमेंट हेतु कुल स्वीकृत 40 योजनाओं में 30 पूर्ण, 3 ऑनगोइंग व 4 निविदा की प्रक्रिया में है .

जेएनएसी द्वारा वित्तीय वर्ष 2024-25 में शहरी परिवहन व्यवस्था हेतु 30 योजनाएं ली गई जिनमें 12 पूर्ण, 12 ऑनगोइंग तथा 6 योजनाओं में इस सप्ताह से कार्य शुरू हो जाएगा. वहीं नागरिक सुविधा की 26 योजनाओं में 8 में कार्य प्रगति पर है, 6 में एकरारनामा होना बाकि है, जुस्को द्वारा एनओसी की प्रत्याशा में 5 तथा शेष 7 योजनाओं में अगले एक सप्ताह में कार्य प्रारंभ हो जाएगा .

मानगो नगर निगम द्वारा वित्तीय वर्ष 2024-25 में शहरी परिवहन व्यवस्था की 25 योजनाएं ली गई जिनमें 7 योजना पूर्ण, 6 प्रगति पर है, 9 एकरारनामा की प्रक्रिया में तथा 3 में स्थल विवाद है. वहीं नागरिक सुविधा हेतु ली गई 50 योजनाओं में 8 योजना पूर्ण है, 9 प्रगति पर है, 32 एकरारनामा की प्रक्रिया में है और 1 में स्थल विवाद है . 15वें वित्त आयोद मद से वायु परिवेश की गुणवत्ता में सुधार संबंधी वित्तीय वर्ष 2023-24 में ली गई 18 योजनाओं में 4 पूर्ण, 14 योजनाओं में कार्य प्रगति पर है.

डोर टू डोर कचरा कलेक्शन तथा उचित निष्पादन पर जोर 

बैठक में वित्तीय वर्ष 2023-24 की स्वीकृत, पूर्ण व लंबित योजनाओं पर भी चर्चा की गई तथा जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त द्वारा लंबित योजनाओं को जल्द से जल्द पूर्ण करने का निदेश दिया गया . साथ ही उन्होने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट अंतर्गत सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए निकायों में डोर टू डोर कचड़ा कलेक्शन तथा कचड़ा के उचित निष्पादन पर बल दिया . गर्मी के मौसम में पेयजल व्यवस्था की सप्लाई पर उन्होंने विशेष ध्यान देने की बात कहीं, इसके साथ ही जिन क्षेत्रों में टैंकर के माध्यम से पानी सप्लाई किया जाता है वहां पूर्व से रोस्टर प्लान निर्धारित करने के लिए कहा ताकि गर्मी के दिनों पानी की नियमित सप्लाई की जा सके .

बैठक में अपर उपायुक्त श्री भगीरथ प्रसाद, उप नगर आयुक्त जेएनएसी श्री कृष्ण कुमार, सहायक नगर आयुक्त मानगो नगर निगम श्री आकिब जावेद, सहायक नगर आयुक्त जुगसलाई श्री संदीप पासवान, सहायक नगर आयुक्त चाकुलिया नगर पंचायत श्री चंदन कुमार समेत सिटी मैनेजर, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता व अन्य संबंधित उपस्थित थे.

Exit mobile version