


Devghar.देवघर के विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भीड़ कम होने का नाम नहीं ले रही है. बैद्यनाथ धाम में श्रद्धालुओं का सैलाब लगातार उमड़ रहा है. शुक्रवार तड़के से मंदिर का पट खुलते ही जलार्पण शुरू हो गया. सभी कांवड़िए कतारबद्ध होकर बाबा का जयघोष करते हुए जलार्पण कर रहे है. कांवड़िये सुल्तानगंज से जल लेकर 105 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर देवघर के बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचकर जलार्पण करते हैं.
जिला प्रशासन के अनुसार सावन मेला में अब तक 54 लाख से अधिक से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ पर जर्लापण किया है. देश के हर कोने और विदेश से भी भक्त भोलेनाथ को जलार्पण करने आ रहे हैं. उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा और पुलिस अधीक्षक अजित पीटर डुंगडुंग मंदिर परिसर और रूट लाइन का जायजा ले रहे हैं. एसपी ने बताया कि मंदिर और मेला क्षेत्र में कुल 564 मजिस्ट्रेट और 9650 पुलिस बल की तैनाती की गई है. साथ ही सीआरपीएफ की चार कम्पनी, दो एसपी, एनडीआरएफ की टीम को लगाया गया है. अब तक मंदिर को 7,36,44,295 रूपये आय के रूप में प्राप्त हुए हैं.
मंदिर और मेला क्षेत्र की निगरानी के लिए 765 सीसीटी कैमरा, 200 एआई कैमरा और 10 ड्रॉन कैमरा कार्यरत हैं. वहीं, इस श्रावणी मेला में ऑनलाईन चैट बोर्ड क्यूआर कोड से प्राप्त 782 शिकायतों का निष्पादन किया गया.



